



नारायणपुर–सलारपुर 14 नंबर सड़क पर ऑटो-टोटो चालकों से अब नहीं होगी अवैध वसूली
नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर–सलारपुर 14 नंबर सड़क पर ऑटो और टोटो वाहन चालकों से अब जबरन अवैध वसूली नहीं की जाएगी। इस संबंध में वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद भवानीपुर थाना को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को नारायणपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों ऑटो-टोटो चालकों ने स्थानीय स्टैंड किरानी द्वारा की जा रही कथित अवैध वसूली और रंगदारी के विरोध में एकजुट होकर प्रदर्शन किया था। विरोध के दौरान चालकों ने नारायणपुर–सलारपुर 14 नंबर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया था, जिससे आवागमन बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे चालकों को समझा-बुझाकर थाना बुलाया गया। थाना परिसर में थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने चालकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान चालकों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर अवैध वसूली पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष ने चालकों को अपना मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए स्पष्ट कहा कि रेलवे पार्किंग के अलावा 14 नंबर सड़क पर किसी भी व्यक्ति द्वारा पैसे की मांग किए जाने पर राशि न दें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इधर, चालकों के विरोध प्रदर्शन की सूचना भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार के संज्ञान में आते ही अवैध वसूली करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया गया। इसके बाद वसूली स्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, जिससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।

प्रदर्शन के बाद स्टैंड किरानी उक्त स्थल से हटकर रेलवे परिसर की पार्किंग में बैठने लगे हैं। हालांकि कुछ टोटो चालकों को आशंका है कि भविष्य में कहीं फिर से अवैध वसूली शुरू न हो जाए। चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा इस तरह की गतिविधि हुई तो वे उग्र आंदोलन और सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।
भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने बताया कि चालकों द्वारा दिए गए आवेदन में उल्लिखित समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। 14 नंबर सड़क पर अवैध वसूली पूरी तरह बंद कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति अवैध वसूली करते हुए पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















