



भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया। हबीबपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

मामले की जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि हबीबपुर थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के धोबिया पोखर के समीप कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की और मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अदनान, सुनील एवं अरुण के रूप में की गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अदनान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। कुछ दिन पूर्व मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर के सामने पटाखे फोड़ने एवं अवैध हथियार लहराते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें मोहम्मद अदनान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किस प्रकार की आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और इनके पीछे कोई अन्य आपराधिक नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















