



भागलपुर ।
कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़कर स्मार्ट बनाने की दिशा में नवगछिया अनुमंडल के खरीक प्रखंड अंतर्गत अठनिया गांव में मंगलवार को कोर्टेवा एग्रीसाइंस सीड्स प्रा. लि. (पायोनियर सीड्स) की ओर से “स्मार्ट खेती की शुरुआत कोर्टेवा पायोनियर के साथ” विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला उप परियोजना निदेशक (आत्मा) प्रभात कुमार सिंह, प्रखंड तकनीकी अधिकारी (आत्मा-बीटीएम) क्यूरी कुमारी, उस्मानपुर पंचायत के मुखिया गणेश मंडल तथा किसान सच्चिदानंद मेहता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

कार्यक्रम के दौरान पायोनियर के कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को ड्रोन तकनीक के माध्यम से फसलों में दवा एवं पोषक तत्वों के छिड़काव की प्रक्रिया, दवाइयों की सही अनुपातिक मात्रा तथा सुरक्षित छिड़काव के तरीकों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मक्का की खड़ी फसल में ड्रोन उड़ाकर पोषक तत्वों का छिड़काव कर किसानों को इसका प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी कराया गया, जिसे देखकर किसान काफी उत्साहित नजर आए।
जिला उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से कम समय में खेतों में समान रूप से छिड़काव संभव है, जिससे खेती अधिक प्रभावी और लाभकारी बन सकती है। पायोनियर के जिला तकनीकी व्यवसाय प्रबंधक (टीबीएम) विवेक कुमार ने बताया कि मक्का की फसल बढ़ जाने के बाद पारंपरिक तरीकों से कीटनाशक एवं पोषक तत्वों का छिड़काव करना कठिन हो जाता है, ऐसे में ड्रोन तकनीक अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।

उस्मानपुर पंचायत के मुखिया गणेश मंडल ने कहा कि ड्रोन तकनीक से किसानों का समय, श्रम और पानी की बचत होती है, जिससे कम लागत में बेहतर उत्पादन संभव है। उन्होंने किसानों के हित में इस तरह की तकनीकी पहल के लिए पायोनियर की सराहना की। किसान सच्चिदानंद मेहता ने कहा कि पायोनियर लंबे समय से किसानों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर रहा है, जिससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है और किसानों के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक को अपनाने की अपील की।

पायोनियर के क्षेत्रीय अधिकारी मनोज कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि कोर्टेवा पायोनियर द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में कुल 270 एकड़ खेतों में नामित किसानों की मक्का फसल में ड्रोन के माध्यम से छिड़काव किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान स्मार्ट खेती की तकनीक से परिचित हो सकें।
कार्यक्रम में पायोनियर के ब्लॉक प्रतिनिधि शंकर, धीरज, रौशन, नितीश एवं सौरभ कुमार ने सहयोग प्रदान किया। मौके पर स्थानीय किसान कुंदन राय, प्रदीप मंडल, जनार्दन महतो, दयानंद राय, अमरजीत, अभिषेक, सुरजीत सहित अनेक किसान उपस्थित रहे और ड्रोन तकनीक से किए गए छिड़काव को देखकर उत्साह व्यक्त किया। स्थानीय विक्रेता अविनाश कुमार, जीवन प्रसाद राय एवं सत्यानंद राय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।














