


भागलपुर : बिहार के मुंगेर जिले की जेल में बंद एक महिला बंदी मौसम कुमारी ने इलाज के दौरान एक मृत बच्चे को जन्म दिया। मौसम कुमारी मुंगेर शहर के नंदलालपुर मोहल्ले की रहने वाली है और वह इस वर्ष मार्च माह से जेल में बंद है। वह दरोगा संतोष कुमार सिंह की हत्या के मामले में आरोपित है। घटना के बाद से वह अपने पति और अन्य परिजनों के साथ न्यायिक हिरासत में है।

सूत्रों के अनुसार मौसम कुमारी करीब छह माह की गर्भवती थी। 28 मई को उसे अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) रेफर कर दिया।
भागलपुर में इलाज के दौरान मौसम कुमारी ने एक मृत शिशु को जन्म दिया। डॉक्टरों ने मृत शिशु की जानकारी जेल प्रशासन को दी। इसके बाद जेल प्रशासन ने शव का पंचनामा तैयार किया और जिलाधिकारी के आदेश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी तथा कैमरे की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। फिलहाल मौसम की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 15 मार्च को कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव निवासी दरोगा संतोष कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मौसम कुमारी, उसके पति और अन्य परिजनों को आरोपी बनाया था। सभी को गिरफ्तार कर मुंगेर जेल भेजा गया है।
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। यह देखा जाएगा कि जेल में बंद गर्भवती महिला को चिकित्सकीय सुविधा समय पर उपलब्ध कराई गई थी या नहीं, और कहीं इसमें लापरवाही तो नहीं हुई।
