

भागलपुर : प्रमंडल भागलपुर के तत्वावधान में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा जैव विविधता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह सभी कार्यक्रम वन प्रमंडल पदाधिकारी सुश्री श्वेता कुमार के निर्देश पर संपन्न हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत गंगा सफाई अभियान से की गई, जिसमें गंगा नदी के तट से जलकुंभी और कचरे की सफाई की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को जल स्रोतों की महत्ता और उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

इसके पश्चात एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराने हेतु प्रभात फेरी निकाली गई। इस प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें और अपने नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें। जागरूकता अभियान में यह भी बताया गया कि किस प्रकार एकल उपयोग प्लास्टिक पर्यावरण और जीव-जंतुओं के लिए हानिकारक है।
इसी क्रम में वन्यजीव पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका संचालन पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीत कुमार ने किया। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को वन्यजीवों के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों ने जिज्ञासा के साथ प्रश्न पूछे और वन्य जीवन की विविधताओं को समझने में रुचि दिखाई।

सभी कार्यक्रमों का संचालन वन क्षेत्र पदाधिकारी भागलपुर अमित कुमार के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में वन विभाग के कई कर्मियों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
उक्त अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों में प्रमुख रूप से वनपाल मिनी कुमारी, धीरेन्द्र ठाकुर, वनरक्षी शुभम कुमार, श्याम बाबू ठाकुर, अमरेश कुमार, आदित्य अभिनव, प्रिया कुमारी, कल्पना कुमारी, अनुराधा कुमारी, ब्यूटी विश्वास, रूपेश कुमार सिंह, मो. अख्तर आलम, सुनील रजक, अनमोल कुमार, नरेश मंडल, डॉल्फ़िन मित्र योगेन्द्र, महेंद्र, संतोष, नागो, अर्जुन, विष्णु, गोरे, राजेंद्र आदि मौजूद रहे।
Ñ
