


नवगछिया। बार एसोसिएशन नवगछिया के तत्वावधान में गोपालपुर के विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल और बिहपुर के विधायक इंजीनियर शैलेंद्र का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने दोनों विधायकों को अंग वस्त्र और फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण मिश्र ने की, जबकि मंच संचालन अधिवक्ता अरुण कसेरा ने किया।
इस मौके पर बार एसोसिएशन के महासचिव अजित कुमार ने संघ भवन में बाउंड्री निर्माण, अधिवक्ताओं के लिए पुस्तकालय (लाइब्रेरी), साइकिल स्टैंड सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता विधायकों के समक्ष रखी। महासचिव ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुविधा और न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए इन सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है।
दोनों विधायकों ने अधिवक्ताओं की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सहमति जताई और आश्वासन दिया कि बार एसोसिएशन नवगछिया के विकास कार्यों के लिए वे अपनी ओर से हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता जयनारायण यादव, शिव कुमार सिंह, प्रताप सिंह, युवा अधिवक्ता रजनीश सिंह, ललन सिंह, कृष्ण कुमार आज़ाद, श्रीकिशोर झा, देवेंद्र सिंह, विजय सिंह कुशवाहा, विजय पांडे, रामजी शर्मा, नंदलाल यादव सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां अधिवक्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच विकास और सुविधाओं को लेकर सकारात्मक संवाद देखने को मिला।












