



भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में शनिवार को जिला दंडाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी के अध्यक्षता में 10 अगस्त को यानी आज 12 बजे से 02:15 बजे अपराह्न तक भागलपुर शहरी क्षेत्र स्थित चयनित आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित “क्षेत्र सहायक के पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक लिखित परीक्षा- 2025” को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर बैठक आयोजित की गई। सभी केंद्राधीक्षक एवं दंडाधिकारियों को ब्रीफिंग करते हुए जिला दंडाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की तिथि को प्रतिनियुक्त विक्षकों के साथ पूर्वाह्न 08 बजे से अपने केंद्र पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर उपलब्ध करायी गयी अनुदेश पुस्तिका में वर्णित निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा का संचालन कराना सुनिश्चित करेंगे। इस परीक्षा से संबद्ध सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान पत्र की जाँच उपरांत 09 बजे पूर्वा से 11 बजे पूर्वा तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति देंगे।

पूर्वाह्न 11 बजे के पश्चात् अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। परीक्षा में अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था अनुदेश पुस्तिका में वर्णित दिशा-निदेश के अनुसार करेंगे। किसी भी परीक्षार्थी को बिना फोटो पहचान पत्र के किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं देंगे। किसी भी परिस्थिति में परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा हॉल में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जायेगी। सभी केंद्राधीक्षक को निदेशित किया जाता है कि परीक्षा कार्य में संलग्न केंद्राधीक्षक, सहायक केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों से इस आशय का घोषणा पत्र प्रपत्र संख्या- 8 एवं 8 में प्राप्त करेंगे, कि उनके कोई संबंधी इस परीक्षा केंद्र में शामिल नहीं हो रहा है। सचिव, बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना के पत्र संख्या 2906/आ., 30 जुलाई 2025 एवं आयोग से प्राप्त अनुदेशिका में दिये गये निदेश के आलोक में संबद्ध सभी अभ्यर्थी अपना ई-एडमिट कार्ड के आधार पर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश करायेंगें। ऐसे अभ्यर्थियों जिनके नाम एवं पिता के नाम में विसंगति है, उनका औपबंधिक प्रवेश पत्र आयोग द्वारा निर्गत किया गया है। वैसे अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दो प्रतियों में डाउनलोड करने के उपरांत प्रवेश पत्र में अंकित त्रुटि / विसंगति के नीचे दिये गये खाली स्थान में मैट्रिक अथवा समकक्ष के प्रमाण-पत्र में अंकित विवरणी के आधार पर सही विवरणी अंकित कर प्रवेश पत्र को निश्चित रूप से राजपत्रित पदाधिकारी से अभिप्रमाणित कराते हुए एक प्रति फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ अपने आवंटित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा की तिथि को जमा करेंगें तथा परीक्षा में शामिल होंगें। सही विवरणी अंकित कर प्रवेश पत्र जमा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल नहीं किया जायेगा। केंद्राधीक्षक परीक्षा की तिथि को जेनरेटर एवं विडियोग्राफी (जिसमे तिथि एवं समय अंकित हो)/ परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्र पर यदि पूर्व से सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापित है, तो उसे चालू स्थिति में रखेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व एवं परीक्षा समाप्ति तक सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं जैसे गोपनीय सामग्रियों के प्राप्ति से लेकर सील को खोलकर निकालना एवं परीक्षा समाप्त होने पर पैक करना आदि की विडियोग्राफी सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा अवधि में अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी करायेंगे। फोटोग्राफी के क्रम में अभ्यर्थियों के चेहरे से मास्क, गमछा, टोपी आदि हटाने के बाद ही फोटोग्राफी करायेंगे, जिसमें अभ्यर्थी का चेहरा पूर्णरूपेण स्पष्ट आये। विडियोग्राफी लगातार (रियल टाइम) की जायेंगी तथा इसे बीच में बंद नहीं किया जायेगा। परीक्षा समाप्ति के बाद विडियोग्राफी की सीडी तैयार कर आयोग को भेजना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षार्थियों को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा हॉल एवं कक्ष में मोबाईल फोन/किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश नहीं देंगे। विशेष परिस्थिति में यदि परीक्षार्थी के साथ कोई अभिभावक नहीं है और उसके पास मोबाईल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इत्यादि है तो उसे स्वीच ऑफ मोड में केंद्र के बाहर अलग रखवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके बावजूद यदि परीक्षा हॉल / कक्ष में मोबाईल फोन/इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ पकड़े जाते है तो उसे लिखित परीक्षा से वंचित कर दिया जाय। परीक्षा आरंभ होने के एक घंटा पूर्व से परीक्षा समाप्ति तक केंद्राधीक्षक एवं वीक्षक भी अपने पास मोबाईल फोन/इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं रखेंगे। सभी केंद्राधीक्षक परीक्षा की तिथि को परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को बैठने हेतु पर्याप्त संख्या में उपस्कर, प्रकाश / पेय जल / सफाई आदि की व्यवस्था पूर्व में ही कर लेंगे और परीक्षा की प्रत्येक कार्यकलापों की विडियोग्राफी कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी केंद्राधीक्षक परीक्षा समाप्ति उपरांत अभ्यर्थियों को दिये गये प्रश्न पुस्तिका ले जाने की अनुमति देंगें एवं केवल उत्तर पत्रक जमा करायेंगें। संबंधित वीक्षक के यह जिम्मेवारी होगी की कोई भी परीक्षार्थी को दिये गये उत्तर पत्रक को अपने साथ नहीं ले जायेगा। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों को फ्रिस्किंग के पश्चात् ही परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की अनुमति प्रदान करेंगें। प्रत्येक केंद्राधीक्षक महिला अभ्यर्थियों के फ्रिस्किंग हेतु अलग कक्ष तैयार कर महिला पुलिस पदाधिकारी/वीक्षक के द्वारा करायेंगे। परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों के फ्रिस्किंग के पश्चात् द्वितीय स्तर की फ्रिस्किंग परीक्षा कक्ष / कमरा में प्रवेश द्वार पर एवं तृतीय स्तर की फ्रिस्किंग परीक्षा कक्ष में सुनिश्चित करायेंगें। बेंच मार्क दिव्यांग अभ्यर्थियों (40% या उससे अधिक दिव्यांगता से ग्रस्त) के अनुरूप दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 की धारा 25 विशिष्ठ दिव्यांग अभ्यर्थियों अर्थात् 40% से कम दिव्यांगता वाले तथा लिखने में असमर्थ अभ्यर्थियों को श्रुतिलेखक एवं संबंधित परीक्षा हेतु निर्धारित समय के साथ-साथ प्रति घंटा 20 मिनट की दर से अतिरिक्त क्षतिपूरक समय दिया जायेगा (अर्थात् कुल 45 मिनट अतिरिक्त समय)।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी हाफ-शर्ट, पैंट एवं चप्पल पहनकर प्रवेश करेंगें। यदि वे जूता पहनकर आते हैं, तो परीक्षा केंद्र के बाहर जूता तथा मौजा खोलकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगें। जूता-मौजा, फूल-शर्ट आदि पहनकर प्रवेश वर्जित है। परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के पश्चात् परीक्षा समाप्ति और ओएमआर शीट जमा करने के बाद ही बाहर जाने की अनुमति प्रदान करेंगें। दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों के लिए भूतल पर अलग से बैठने की व्यवस्था करेंगे। प्रत्येक दृष्टिबाधित अभ्यर्थी के लिए एक श्रुतिलेखक केंद्राधीक्षक के द्वारा प्रदान किया जाना है। दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को 45 मिनट अतिरिक्त समय दिया जायेगा। दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों की अप 02:45 बजे समाप्त होगी।













