



भागलपुर : पटना के बीएन क्लब, रामनगरी आशियाना नगर में शनिवार से 10वीं राज्यस्तरीय पिकलबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। बिहार पिकलबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिवक्ता रामरंजन सिंह, इंडियन ऑयल के मुख्य प्रबंधक संतोष कुमार अमर, बीएन क्लब के निदेशक सत्यम कुमार तथा बीएन पिकलबॉल एकेडमी के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि बिट्टू सिंह ने कहा कि जल्द ही पटना में चार पिकलबॉल कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा मिल सके। बिहार पिकलबॉल संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि जम्मू-कश्मीर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को संघ की ओर से टी-शर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। संघ के सचिव रंजन गुप्ता ने कहा कि बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें आगे और भी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मंच संचालन संघ के कोषाध्यक्ष आनंद सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव अभय कुमार ने प्रस्तुत किया।

उद्घाटन मैच में स्प्लिट आयु वर्ग में अपूर्व और रंजन की जोड़ी ने पंकज और मनीष की जोड़ी को 11-5, 11-6 से हराकर विजयी अभियान की शुरुआत की। दूसरे मैच में अभय और प्रमोद की जोड़ी ने राजीव और रामरंजन की जोड़ी को 11-1, 11-3 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में आदित्य और आनंद ने पंकज और प्रेम की जोड़ी को 11-2, 11-4 से हराया। वहीं चौथे मैच में जितेंद्र और रोहित ने अनुराग और प्रेम की जोड़ी को मात दी।
यह जानकारी बिहार पिकलबॉल संघ के राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।













