



बूढ़ानाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर मनाया गया जश्न
भागलपुर : बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत का असर भागलपुर जिले में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों ने विजय हासिल की, जिससे समर्थकों में उत्साह और उमंग का माहौल है। भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे की जीत ने जिले में खुशी की लहर और तेज कर दी।

इसी विजय उत्सव को व्यक्त करने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भागलपुर के प्रसिद्ध बाबा बूढ़ानाथ मंदिर पहुंचे, जहाँ रुद्राभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया गया। मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक के दौरान माहौल पूर्णतः धार्मिक और उत्साहपूर्ण रहा।

जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा कि 11 वर्षों बाद भागलपुर में भाजपा ने वापसी की है, जो ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने इस चुनाव में महागठबंधन को पूरी तरह नकारते हुए एनडीए पर पुनः विश्वास जताया है। यह जीत जनता की उम्मीदों और विश्वास की जीत है।
रुद्राभिषेक कार्यक्रम के दौरान एनडीए के कई दर्जन कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विजय के नारे लगाए गए और एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर जीत की खुशी साझा की गई।
















