0
(0)

भागलपुर। जिले के कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोराचोंकी गांव में महज 150 रुपये के बकाया को लेकर दबंगों द्वारा एक ही परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है।

घायलों की पहचान शिवनारायण पासवान, उनके पुत्र सूरज कुमार पासवान तथा बिहारी लाल कुमार (पिता — विजय मंडल) के रूप में की गई है। सभी घायल गोराचोंकी गांव, थाना कजरैली, जिला भागलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में ही शिवनारायण पासवान की चाय–सिगरेट की दुकान है। इसी गांव के एक ही परिवार के करीब 10 से 15 लोग एक साथ दुकान पर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर शिवनारायण पासवान तथा उनके परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हमले की वजह महज 150 रुपये का बकाया है। बताया गया कि इसी विवाद को लेकर करीब तीन महीने पहले कजरैली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन उस समय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने दोबारा इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद गोराचोंकी गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: