5
(1)

नवगछिया के तेतरी पंचायत समिति उपचुनाव में रीता देवी की जीत, समर्थकों ने मनाया विजय उत्सव

नवगछिया। नवगछिया प्रखंड के तेतरी पंचायत समिति उपचुनाव में रीता देवी, पत्नी संजीव कुमार सिंह उर्फ झाबो ने शानदार जीत दर्ज की। जैसे ही नवगछिया प्रखंड कार्यालय स्थित मतगणना केंद्र से उनकी जीत की घोषणा हुई, वहां मौजूद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। झूमते हुए लोगों ने अबीर-गुलाल उड़ाए, ढोल-नगाड़े बजाए और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया।

रीता देवी जब मतगणना केंद्र से बाहर निकलीं, तो उनके पति संजीव कुमार सिंह के साथ उन्हें माला पहनाकर, अबीर लगाकर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद रीता देवी ने पति संग तेतरी पंचायत के विभिन्न मंदिरों में जाकर माता ठेका और अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर संजीव कुमार सिंह उर्फ झाबो ने कहा कि तेतरी पंचायत की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने बताया कि पहले से उनके भाई गौतम कुमार पंचायत समिति सदस्य हैं और अब उनकी पत्नी भी जीत चुकी हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अब प्रमुख पद के लिए भी वे दावेदारी पेश करेंगे।

मतगणना की बात करें तो वार्ड संख्या 2 से 8 तक कुल 7 बूथों की मतगणना शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रीता देवी को कुल 900 मत मिले, जिससे उन्होंने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर सुधांशु रंजन रहे जिन्हें 747 मत प्राप्त हुए। शशि कुमार को 115 और सुनीत कुमार दास को मात्र 89 वोट मिले।

इस प्रकार रीता देवी ने 153 मतों की स्पष्ट बढ़त से जीत हासिल की। मतगणना के दौरान सभी बूथों पर प्रत्याशियों के एजेंट और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही।

रीता देवी की जीत से उनके परिवार और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। इस ऐतिहासिक जीत में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति ने इसे और खास बना दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: