4
(1)

जमीन के कागज में करें सुधार, राजस्व विभाग पहुंचेगा आपके द्वार

भागलपुर जिले में भूमि संबंधी दस्तावेजों की त्रुटियों के त्वरित सुधार एवं जनता को हल्का स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा 16 अगस्त से 20 सितंबर तक “राजस्व महा-अभियान” आयोजन किया जा रहा है। राजस्व महा अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा भवन में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने कार्यक्रम के उद्देश्य, राजस्व महा-अभियान के विभिन्न चरणों, उसकी कार्य योजना, फील्ड स्तर पर किए जाने वाले सुधार कार्यों तथा जनता की समस्याओं के समाधान की विधियों पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भूमि संबंधी अभिलेखों की त्रुटियों को शीघ्रता से सुधार कर पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ जनता को राहत देना है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के निर्धारित तीनों चरणों पूर्व तैयारी, वास्तविक क्रियान्वयन एवं अनुवर्ती गतिविधियों के तहत निर्धारित कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जमाबंदी त्रुटि सुधार, उत्तराधिकारी नामांतरण, बंटवारा नामांतरण तथा छुटी हुई जमाबंदियों का डिजिटलीकरण (ऑनलाइनकरण) जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस संबंध में बताया गया कि जिला स्तरीय प्रशिक्षण के बाद 7 अगस्त 2025 तक अंचल स्तर पर राजस्व कर्मचारी और सर्वे अमीन को प्रशिक्षण दिया जाएगा। तदोपरांत ऑनलाइन जमाबंदी पंजी का प्रिंट के साथ तीन तरह के प्रपत्र 16से 19 अगस्त तक रैयतों को उपलब्ध कराया जाएगा।तदोपरांत 20 से हल्का वार शिविर का आयोजन किया जाएगा जहां राजस्व कर्मचारी शिविर का प्रभारी होगा और उनके साथ 10 सर्वे अमीन रहेंगे जो आवेदनों को अपने लैपटॉप से अपलोड करेंगे।

आवेदनों का निष्पादन आंचल स्तर पर किया जाएगा। एक सप्ताह के बाद पुनः उसी स्थल पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रशिक्षण में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी अजय कुमार, प्रभारी राजस्व पदाधिकारी राजकुमार, डीसीएलआर सदर अपेक्षा मोदी, डीसीएलआर नवगछिया, वरीय उप समाहर्ता अंकित चौधरी, सभी अंचलाधिकारी, सभी राजस्व पदाधिकारी, सभी कानूनगो, बंदोबस्त पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: