



भागलपुर: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होने जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, समूह में एकत्र होने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि परीक्षार्थियों को शांत माहौल मिल सके।

जिलाधिकारी ने मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं बिना किसी भय और तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है, जिससे जाम या यातायात संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।

प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं, ताकि समय पर प्रवेश एवं जांच प्रक्रिया पूरी की जा सके और परीक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















