



भागलपुर । 23 बिहार बटालियन NCC, भागलपुर के 10-दिवसीय कैंप (21-30 नवंबर 2025) के दौरान राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, नवीनगर, भागलपुर में “फ्यूचर प्लैनिंग और करियर ऑप्शन” विषय पर एक विशेष लेक्चर आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री अमित कुमार, Deputy Director Administration, बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU), साबौर, भागलपुर ने कैडेट्स को करियर विकल्प और भविष्य की योजना को लेकर मार्गदर्शन दिया।

लेखक ने कैडेट्स को दसवीं के बाद उपलब्ध विकल्पों पर जानकारी देते हुए कहा कि स्ट्रीम का चुनाव महत्वपूर्ण है। साइंस स्ट्रीम में इंजीनियरिंग और मेडिकल, कॉमर्स में CA, CS और MBA, तथा आर्ट्स में डिजाइन और ह्यूमैनिटीज जैसे विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने शॉर्ट-टर्म कोर्सेज की भी सलाह दी, जैसे ITI, पॉलिटेक्निक, डिजिटल मार्केटिंग और डेटा साइंस, जो भविष्य के करियर निर्माण में सहायक हो सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने सेन्ट्रल और स्टेट गवर्नमेंट जॉब्स के विकल्पों पर भी विस्तार से चर्चा की। सेन्ट्रल गवर्नमेंट जॉब्स में SSC CHSL के तहत क्लर्क, DEO, LDEO जैसी असिस्टेंट पोस्ट्स, SSC MTS में सफाई, चौकीदार और हवलदार पद शामिल हैं। सेना में NDA, CDS और अग्निवीर (ऑफिसर/सोल्जर) के अवसर भी उपलब्ध हैं, जिसमें NCC सर्टिफिकेट से बोनस अंक मिलते हैं।

बिहार गवर्नमेंट जॉब्स में BPSC और BSSC के माध्यम से क्लर्क, पटवारी, शिक्षक, पुलिस और जूनियर इंजीनियर (JE) के पदों के अवसर होते हैं। उन्होंने कहा कि स्टेट एग्जाम्स (जैसे BPSC 68th, BSSC CGL) पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
श्री अमित कुमार ने सेन्ट्रल और बिहार गवर्नमेंट जॉब्स में अंतर को स्पष्ट करते हुए बताया कि सेन्ट्रल जॉब्स में ऑल इंडिया पोस्टिंग और प्रमोशन की अधिक संभावना होती है, जबकि बिहार में जॉब्स मुख्य रूप से स्टेट लेवल पर होते हैं और प्रतियोगिता कम होती है।
अंत में उन्होंने कैडेट्स को परीक्षा की तैयारी के टिप्स दिए। इसमें सामान्य ज्ञान (भारत और बिहार), गणित, रीजनिंग और अंग्रेजी पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
इस कार्यक्रम से NCC कैडेट्स को अपने भविष्य की योजना बनाने और सही करियर विकल्प चुनने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।













