


भागलपुर जिले के मलिकपुर दियारा से एक अर्द्धविक्षिप्त युवक के लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि पीरपैंती थाना क्षेत्र के मलिकपुर दियारा निवासी 59 वर्षीय रामजी सिंह अपने 24 वर्षीय पुत्र रूदल कुमार के साथ पत्नी का इलाज कराने भागलपुर आए थे। दोपहर करीब तीन बजे वे बरौनी पैसेंजर ट्रेन से शिवनारायणपुर स्टेशन पहुंचे। चूंकि रात हो चुकी थी, इसलिए वे मथुरापुर नवटोलिया स्थित अपने दामाद मुन्ना सिंह के घर रात्रि विश्राम के लिए चले गए।
घर पहुंचने के कुछ देर बाद रूदल ने शौच जाने की इच्छा जताई। इस पर मुन्ना सिंह उसे साथ लेकर बाहर गए। लेकिन इसी दौरान रूदल कुमार शौच का बहाना कर वहां से चुपचाप भाग गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लापता युवक अर्द्धविक्षिप्त है और बहुत कम बोलता है। उसकी पहचान इस प्रकार बताई गई है: उसने नीले रंग की शर्ट, नेवी ब्लू रंग का लूजर और सफेद गमछा पहन रखा था।
परिजनों ने आम जनता और प्रशासन से निवेदन किया है कि यदि किसी को भी रूदल कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले, तो कृपया तुरंत नजदीकी थाना या परिजनों से मोबाइल नंबर 6287068735 पर संपर्क करें।
रूदल के पिता रामजी सिंह और माता उर्मिला देवी गहरे सदमे में हैं। वे लगातार रोते हुए अपने पुत्र की सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं।
घटना के बाद से पूरे परिवार में तनाव और चिंता का माहौल है। परिजनों को उम्मीद है कि रूदल जल्द ही सुरक्षित मिल जाएगा और घर लौट आएगा।












