



नवगछिया थाना क्षेत्र के राजेंद्र कॉलोनी निवासी रजनीकांत राय ने अपनी लापता मां कलावती देवी (उम्र 55 वर्ष) की तलाश में नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उनकी मां 1 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इतने दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

रजनीकांत राय और उनके परिजनों ने हरसंभव प्रयास करते हुए रिश्तेदारों से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस संबंध में 3 जुलाई को उन्होंने नवगछिया थाना में आवेदन दिया था। 9 जुलाई को पुनः नया आवेदन लिखवाकर थाने में जमा कराया गया। 11 जुलाई को जब वह आवेदन की स्थिति जानने थाने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि मामले की जांच सुरेंद्र सिंह द्वारा की जा रही है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

हालांकि, पीड़ित का कहना है कि जांच की गति बेहद धीमी है और पुलिस अब तक न तो कोई ठोस कदम उठा पाई है और न ही रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है। जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। रजनीकांत ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी मां की शीघ्र तलाश के लिए ठोस और त्वरित कार्रवाई की जाए।













