



नवगछिया : पटना स्थित साकेत सिंह शूटिंग अकादमी में 1 अगस्त से 6 अगस्त तक आयोजित 35वीं बिहार स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में नवगछिया के श्रेयांश रथी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर पिस्टल इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर नवगछिया, भागलपुर जिला और बिहार का नाम रोशन किया।
श्रेयांश नवगछिया बाजार निवासी एवं नगर परिषद उपसभापति रश्मि रथी तथा पार्षद अजय कुमार उर्फ प्रमोद यादव के पुत्र हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने जानकारी दी कि श्रेयांश ने 25 मीटर पिस्टल के स्टैंडर्ड स्पोर्ट्स इवेंट में एक और स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने सेंटर फायर इवेंट में एक रजत और एक कांस्य पदक भी अपने नाम किया।

अपनी उपलब्धि पर श्रेयांश ने बताया कि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी कर रहे हैं। इस समय वे दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग अकादमी में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उनकी इस सफलता पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। बधाई देने वालों में किशनदेव प्रसाद यादव, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर, नवगछिया खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव, जिला ताइक्वांडो महासचिव घनश्याम प्रसाद, गौतम यादव, डॉ. गोपाल भारती, शिक्षाविद राम कुमार साहू, सुमित साहू, कंचन सिंह, सुबोध कुमार सहित कई अन्य लोग शामिल रहे। सभी ने श्रेयांश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













