


नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नवगछिया पुलिस को विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 285.96 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई खरीक थाना पुलिस और डीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से की।
मिली जानकारी के अनुसार, चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नवगछिया पुलिस एवं सीएपीएफ टीम द्वारा लगातार फ्लैग मार्च, वाहन जांच, अवैध शराब और मादक पदार्थ की बरामदगी, अपराधियों की गिरफ्तारी एवं वारंट-कुर्की की तामिला को लेकर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को खरीक थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एनएच-31 स्थित देवांशी ढाबा के पास एक जुगाड़ वाहन में अवैध शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही खरीक थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में डीआईयू टीम के सहयोग से छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से जुगाड़ वाहन को जब्त कर उसमें लोड कुल 285.96 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
मौके से वाहन चालक शाहू परबत्ता, गरैया निवासी मिथुन शर्मा, पिता विशाल शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने शराब को बिक्री के लिए नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की बात कबूल की।
पुलिस ने वाहन और शराब को जप्त कर खरीक थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में अवैध शराब, नकदी और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था में व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















