



भागलपुर के नाथनगर स्थित मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी दाल व्यवसायी टिंकू साह पिछले तीन दिनों से लापता हैं। लगातार खोजबीन के बावजूद अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन और पुलिस दोनों ही अपनी-अपनी ओर से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी है।
परिवार के अनुसार, टिंकू साह का मोबाइल फोन लापता होने के बाद कई बार ऑन हुआ, जिसकी लोकेशन नाथनगर क्षेत्र में मिली। यह स्थान उनके घर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बाद मोबाइल फिर से ऑफ हो गया और बुधवार को तो फोन स्विच ऑन भी नहीं हुआ। इस वजह से परिवार पर चिंता का पहाड़ टूट पड़ा है।

टिंकू की पत्नी ममता देवी का कहना है कि आसपास के कुछ लोगों पर उन्हें संदेह है, क्योंकि पूर्व में उन लोगों ने टिंकू के साथ मारपीट भी की थी। वहीं, पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि कुछ महाजनों का पैसा टिंकू पर बकाया था। हालांकि, परिजन किसी प्रकार के बकाया की बात से इनकार कर रहे हैं और इसे अफवाह बताते हैं।
बुधवार को टिंकू साह के परिजन वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और खोजबीन तेज करने की गुहार लगाई। घर न लौटने के कारण पत्नी और अन्य स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं। स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

इस संबंध में मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। स्वजनों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है और पुलिस टीम खोज में जुटी हुई है।
















