



नवगछिया । बिहपुर प्रखंड जदयू एससी/एसटी प्रकोष्ठ ने सोमवार को छह सूत्री मांगों को लेकर बिहपुर प्रखंड मुख्यालय के समक्ष आमरण-अनशन शुरू किया। प्रखंड अध्यक्ष विजय पासवान के साथ-साथ राजनीति तांती, रामानंद पोद्दार, लतासो देवी, श्रीनंदन रविदास व प्रमिला देवी ने आमरण-अनशन शुरू किया। वहीं प्रखंड के हरियो पंचायत के गोविंदपुर-मुसहरी व कहारपुर के कोसी कटाव पीड़ित व विस्थापितों के पुर्नवास कराने की मांग को बिहपुर विस विधायक इं शैलेंद्र ने सोमवार को बिहार विस के सदन में सरकार व संबधित विभाग के मंत्री के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया।

विधायक श्री शैलेंद्र की मांग पर मंत्री की ओर से जल्द ही साकारात्मक पहल करने की बात कही गई। जिसके बाद विधायक ने अनशन कर रहे जदयू नेताओं व कटाव विस्थापितों से फोन पर बात किया। नवगछिया भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो गौतम के नेतृत्व में बिहपुर मंडल अध्यक्ष दिलीप महतो, परमानंद मंडल, कन्हैया झा आदि अनशन पर बैठे लोगों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। इस मौके पर सिंटू व सदानंद मंडल समेत एनडीए के कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इस दौरान करीब सौ की संख्या में कटाव विस्थापित महादलित परिवार भी अनशन स्थल पर थे।

इनकी मांग थी कि महादलित, दलित व अति पिछड़ा को पांच डिसमील जमीन देकर उनका पुर्नवास कराया जाय। गोविंदपुर मुसहरी व कहारपुर के कोसी कटाव पीडितों को अविलंब जमीन दिया जाए। पीएम आवास योजना की सूची में गरीब व महादलित का नाम आगे किया जाय। प्रखंड में जीविका उमंग सीएलएफ कार्यालय के अध्यक्ष व सचिव समेत कोषाध्यक्ष को बदला जाय। जदयू के कार्यकर्ताओ से प्रखंड सह अंचल कार्यालय में अधिकारी शिष्टाचार से बात करे व सोनवर्षा दुमुंही चौक से लेकर बीरबन्ना चौक तक 14 नंबर सड़क को बनाया जाय।













