


आम दर्शक भी देख सकेंगे मैच
भागलपुर। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के अंतर्गत सैंडिस मैदान के प्ले ग्राउंड में तीरंदाजी का सेमीफाइनल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 7 मई को 3 बजे अपराह्न से फाइनल मैच का आयोजन किया जाएगा। रिकॉर्व मिक्स टीम में महाराष्ट्र के दयानेस चिनाले और सरवरी सोमनाथ शिंदे 1318 अंक के साथ पहले स्थान बनाए हुए हैं। कंपाउंड मिक्स टीम में महाराष्ट्र के ही मानव गणेश राव जाधव और तेजल राजेंद्र साल्वे 1410 अंक के साथ पहला स्थान बनाए हुए हैं। सिंगल और मिक्स टीम का 70 मी का रिकर्व तीरंदाजी तथा 50 मी कंपाउंड कर्व तीरंदाजी का फाइनल मैच कल भागलपुर के सैंडिस मैदान में देखने को मिलेगा। आम लोगों के लिए भी सैंडिस का मुख्य दरवाजा खोल दिया गया है। आधार नंबर के साथ वे प्रवेश कर सकेंगे।

खिलाड़ियों के हौसला अफजाई के लिए जिला अधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, के परीक्षित, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी सुधीर कुमार, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण सिंह सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान साई के कंपटीशन मैनेजर सी आर कुर्मी, 3 जूरी मेंबर जिनमें पश्चिम बंगाल के अर्जुन पदकधारी कृष्णा घटक, राजस्थान के सुरेंद्र सिंह तथा बिहार के मनोज कुमार उपस्थित थे। प्रतियोगिता के लिए 12 निर्णायक बनाए गए हैं जिसके अध्यक्ष मेघालय से पैया वी वार नोंगवारी तथा कंपटीशन डायरेक्टर पश्चिम बंगाल के रुपेश को बनाया गया है। भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए भागलपुर में कुल 25 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
