



भागलपुर। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार को जिले के 44 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक हुई। परीक्षा केंद्र नगर निगम क्षेत्र के अलावा जगदीशपुर में भी बनाए गए थे। सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों पर उमड़ पड़ी।
आयोग के निर्देशानुसार सुबह 9:30 बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश देना शुरू किया गया। ठीक 11 बजे के बाद सभी केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए और इसके बाद किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। कई अभ्यर्थी समय पर पहुंचकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश पा गए, जबकि जो देर से पहुंचे उन्हें बाहर ही रोक दिया गया।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बाहर ही जमा कराई गई। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (IPRD) ने जिलाधिकारी का बयान जारी कर बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई थीं।
गौरतलब है कि परीक्षा दो घंटे की रही, जिसमें 150 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। बीपीएससी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इस बार भी निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी। परीक्षा शुरू होने के बाद परीक्षार्थियों को बीच में बाहर जाने या पानी पीने की अनुमति नहीं दी गई।













