


भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन रोड पर रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने साइकिल से जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक साइकिल समेत हवा में उछलकर कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा।
इस सनसनीखेज हादसे का पूरा दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि महज 9 सेकंड के भीतर तेज रफ्तार कार किस तरह साइकिल सवार युवक को टक्कर मारकर सड़क पर पटक देती है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार भागलपुर के किसी चिकित्सक की बताई जा रही है। कार का एयरबैग खुल जाने के कारण चालक बाल-बाल बच गया, जबकि साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर घायल युवक की मदद में जुट गए।
हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद करीब एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि यदि समय पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंचती तो घायल को जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकती थी।
फिलहाल घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। यह हादसा एक बार फिर शहर में रॉन्ग साइड ड्राइविंग, तेज रफ्तार वाहनों और कमजोर यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।














