


नवगछिया: व्यवसायी विनय गुप्ता की गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस द्वारा तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव नवगछिया के हड़िया पट्टी गांव स्थित मृतक व्यवसायी के परिजनों से मिलने पहुंचे। परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए तेजस्वी ने पुलिस की कार्यशैली और राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि हत्या जैसे गंभीर मामले में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे असली आरोपी हैं या नहीं, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिजन भी यही जानना चाहते हैं कि सही लोगों को ही पकड़ा गया है या नहीं। उन्होंने एसपी से फोन पर बात करने की कोशिश की लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण संपर्क नहीं हो सका।
उन्होंने आगे कहा कि नवगछिया में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस अपने व्यवहार में बदलाव नहीं कर रही है। बाजार में चौकी की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “मुख्यमंत्री को घटना की जानकारी तक नहीं रहती, उन्हें टेक्नोलॉजी की समझ नहीं है। पूरा प्रशासन उगाही और शराबबंदी में व्यस्त है, जबकि हत्या और बलात्कार जैसे संगीन मामलों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।”
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिना थाना में घुसे कोई काम नहीं होता है। हर थाना का काम अब कमीशन लेकर शराब का ट्रक छोड़वाना रह गया है। उन्होंने कहा, “बिहार में एक दिन ऐसा नहीं जाता जब 200 राउंड गोलियां न चलती हों। मुख्यमंत्री के गृह जिले में बच्ची के साथ गैंगरेप कर पैरों में कील ठोंक दी गई। पूर्णिया में 14 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। मुख्यमंत्री को अब अचेत अवस्था से जागना चाहिए।”

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अब राज्य को खुद नहीं चला पा रहे हैं और एक रिटायर्ड अधिकारी के सहारे बिहार की व्यवस्था चल रही है।
