


नवगछिया : तीन जून 2022 को गुरुदेव मंडल पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ था। उसने एक चालक की हत्या कर मक्का लोड ट्रक लूट लिया था। उस समय नवगछिया के तत्कालीन एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि गुरुदेव मंडल जीरोमाइल में किसी लूट की घटना को अंजाम देने वाला है।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर दो आरोपी बाइक से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर कंचनपुर कदवा तक दौड़ लगाई। इस दौरान गुरुदेव मंडल ने फिल्मी अंदाज में एसडीपीओ व पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जमानत पर बाहर आने के बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
तीन मई को झंडापुर थाना क्षेत्र से सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान पंजाबी रविदास को गुरुदेव मंडल और उसके गुर्गों ने हथियार का भय दिखाकर घर से ही अपहरण कर लिया था। यह अपहरण रुपये के लेन-देन को लेकर किया गया था। पुलिस ने बाद में होमगार्ड जवान को मधेपुरा जिला के चौसा थाना क्षेत्र के लौआलगाम से बरामद कर लिया था। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
गुरुदेव मंडल के खिलाफ कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना में 2017 में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। टीकापट्टी थाना में 2019 में लूट और आर्म्स एक्ट की एफआईआर दर्ज है।

कटिहार जिले के फलका थाना में 2018 में लूट और 2019 में आर्म्स एक्ट व लूट की दो प्राथमिकी दर्ज हैं। नवगछिया थाना क्षेत्र में 2021 में लूट और आर्म्स एक्ट तथा 2022 में मक्का लूट और चालक की हत्या का मामला दर्ज है।
इसके अलावा ढोलबज्जा थाना में आर्म्स एक्ट और मारपीट की प्राथमिकी तथा मधेपुरा जिले के पुरैनी में जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।
