0
(0)

नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के शाह आलम की पुत्री सफकत आरा साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। ठगों ने विभिन्न लेनदेन के माध्यम से उनके बैंक खाते से कुल 99 हजार 453 रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़िता ने इस संबंध में नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता सफकत आरा ने बताया कि उनका यूको बैंक में खाता है। बीते दिनों उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को तकनीकी सहायता से जुड़ा बताते हुए कहा कि जब वह पे फोन (फोनपे) के माध्यम से रिचार्ज करती हैं, तो उनके खाते से दो से तीन रुपये अतिरिक्त कट जाते हैं, जिसे वापस कराने के लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

ठग ने बातों में उलझाकर यह कहा कि गलती से उनके खाते में पे फोन के माध्यम से 30 हजार 620 रुपये, 33 हजार 838 रुपये, 29 हजार 496 रुपये और 4 हजार 999 रुपये कुल 99 हजार 453 रुपये भेज दिए गए हैं, जिसे वापस करने की बात कही गई। इसी बहाने पीड़िता से जरूरी जानकारी हासिल कर ली गई और उनके खाते से पूरी राशि निकाल ली गई।

पीड़िता ने बताया कि इसके बाद वाट्सएप नंबर 7485843884 से अज्ञात लोगों द्वारा संदेश भेजे गए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। बाद में नवगछिया साइबर थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

साइबर थाना की पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा संबंधित मोबाइल नंबर और खातों की तकनीकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें और बैंक या डिजिटल भुगतान से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर सूचना दें या नजदीकी साइबर थाना में संपर्क करें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: