



भागलपुर – जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीरामपुर गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गांव के 23 वर्षीय युवक इशांत कुमार उर्फ मिलन की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हो गई। घटना मंगलवार की सुबह उस समय हुई, जब मिलन रोज की तरह दियारा क्षेत्र में अपनी गायों को चारा खिलाने गया था। अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान श्रीरामपुर निवासी सुभाष राय के पुत्र इशांत कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं मिलन की पत्नी सदमे में बार-बार बेहोश हो जा रही है। बताया जा रहा है कि मिलन की शादी मात्र छह महीने पहले ही धूमधाम से हुई थी। जैसे ही नवविवाहिता पत्नी को इस हादसे की खबर मिली, वह बेसुध होकर गिर पड़ी। ग्रामीणों ने उसे संभालने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वह गहरे सदमे से उबर नहीं पा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मिलन हर रोज सुबह उठकर मवेशियों की देखभाल करता था। आज भी वह उसी काम से खेत की ओर गया था, पर किसी को यह आभास नहीं था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी दिन साबित होगा।
घटना की सूचना जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर शोकसंतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही अकबरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने भी पुष्टि की कि युवक की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है।

यह हादसा सिर्फ एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए एक गहरी त्रासदी बन गया है। यह घटना एक बार फिर से चेतावनी देती है कि बारिश और बिजली गिरने के दौरान सतर्कता बेहद जरूरी है, अन्यथा ऐसे जानलेवा हादसे किसी की भी जिंदगी छीन सकते हैं।












