



भागलपुर। आपदा प्रबंधन के तहत भागलपुर जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। जिले के विभिन्न अंचलों में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है, जो इन तैयारियों की एक झलक प्रस्तुत करते हैं।
भागलपुर के सभी 16 अंचलों के 238 पंचायतों में ऑटोमेटिक रेन गेज (वर्षा मापक यंत्र) स्थापित किए गए हैं, जो वर्षा की मात्रा को मापने में मदद कर रहे हैं। 19 जुलाई तक जिले में 122.70 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। जिले के 15 अंचलों के 122 पंचायतों में 447 गांव ऐसे हैं जिन्हें बाढ़ प्रभावित होने की संभावना है।

बाढ़ की आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में 94 राहत एवं बचाव दल का गठन किया गया है। इनमें भागलपुर सदर में 50, नवगछिया में 33, कहलगांव में 11, सुल्तानगंज में 4 और सबौर में 8 मोटरबोट के साथ एसडीआरएफ के 57 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, 171 मानव राहत शिविर चिन्हित किए गए हैं, जिनमें भागलपुर सदर में 70, नवगछिया में 50 और कहलगांव में 51 शिविर शामिल हैं। इन शिविरों में सामुदायिक रसोई चलाने की भी तैयारी की गई है।
आपदा सम्पूर्ति पोर्टल पर अब तक भागलपुर सदर के 1,72,872, नवगछिया के 69,489 और कहलगांव के 1,64,146 कुल 4,06,507 परिवारों का डाटा अपलोड किया गया है। आपदा से निपटने के लिए चिकित्सा और अन्य आपात दवाइयों का भी पर्याप्त इंतजाम किया गया है। जिले में 3,65,093 हाइड्रोजन टैबलेट, 15,07,141 ओआरएस का पैकेट, 4980 सर्प की दवा, 61,641 एंटी रेबीज वैक्सीन, 19,35,437 अजिथ्रोमाइसीन टैबलेट और 13,555 अजिथ्रोमाइसीन सिरप उपलब्ध हैं।
186 स्थलों पर चिकित्सा राहत केंद्र चिन्हित किए गए हैं, साथ ही 28 पशु स्वास्थ्य केंद्र एवं 33 पशु उप स्वास्थ्य केंद्र में कुल 31 प्रकार की दवाइयों का प्रबंध किया गया है। तटबंधों पर भी पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं, जिसमें 35.30 मीटर मिट्टी भराई, 242 मीटर सीट पीलिंग, 570 मीटर बोल्डर क्रेटिंग, 440 मीटर गैबियन वर्क और 19751 जियो बैग पिचिंग का कार्य शामिल है।

इसके अतिरिक्त, जिले में 248 गोताखोर तैनात किए गए हैं, जिनमें भागलपुर सदर में 78, नवगछिया में 76 और कहलगांव में 94 गोताखोर शामिल हैं। 501 आपदा मित्र भी उपलब्ध हैं, जिनमें भागलपुर सदर में 204, नवगछिया में 196 और कहलगांव में 101 हैं।
जिले में 128 निजी नावें उपलब्ध हैं, जिनमें भागलपुर सदर में 40, नवगछिया में 66 और कहलगांव में 22 नावें शामिल हैं। इसके अलावा, 12 टेंट, एक महाजाल, 95 लाइफ जैकेट, 22,302 पॉलिथीन सीट भी उपलब्ध हैं। 200 अतिरिक्त लाइफ जैकेट खरीदने के लिए निविदा जारी की गई है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए एक जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जो 22 जुलाई से लेकर 31 अक्टूबर 2025 तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा। इस नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0641-2402871 और मोबाइल नंबर 9471920050 है।
इन सभी तैयारियों के जरिए भागलपुर जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि संभावित बाढ़ के दौरान लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं।













