



नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डिमाहा गांव में पारिवारिक आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। एक पक्ष से गोपाल मंडल तथा दूसरे पक्ष से ढिढर मंडल शामिल बताए जा रहे हैं।

मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना के दरोगा कृष्ण कन्हैया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए गोपालपुर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।















