



पचगछिया में गाली-गलौज के विरोध पर एक ही परिवार के पांच सदस्य तलवार और खंती से घायल
गोपालपुर के पंचगछिया में घटी घटना
नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के पचगछिया गांव में गुरुवार की रात करीब आठ बजे एक ही परिवार पर हुए हिंसक हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। गाली-गलौज का विरोध करना इस परिवार को भारी पड़ गया, जब तीन आरोपियों ने घर में घुसकर तलवार और खंती से हमला कर परिवार के पांच सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायलों में पचगछिया निवासी स्वर्गीय देवी प्रसाद सिंह के पुत्र 76 वर्षीय सुनील प्रसाद सिंह, उनके पुत्र 53 वर्षीय संजय सिंह, संजय की पत्नी सुलेखा देवी, पुत्र साजन कुमार सिंह और पुत्री कोमल कुमारी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज के बाद तीन लोगों को मायागंज रेफर कर दिया गया ।

घटना के संबंध में संजय सिंह ने बताया कि वह सड़क से ठंडा लेकर घर लौट रहे थे, तभी पड़ोस के संजु कुमार, रूपण सिंह और गुनी सिंह उनके छोटे भाई सुमन सिंह को गाली दे रहे थे। सुमन सिंह अपनी बेटी की मंगनी के सिलसिले में पटना गया हुआ है। जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया, तो तीनों आरोपी तलवार और खंती लेकर उनके घर में घुस आए और हमला कर दिया।
हमले में सुलेखा देवी की चारों उंगलियां बुरी तरह से कट गईं, कंधे और कमर पर भी गंभीर जख्म हुए हैं। कोमल कुमारी ने बताया कि वह घर में मोबाइल देख रही थी, तभी चार-पांच लोग घर में घुसे और तलवार से हमला कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।













