



नवगछिया। प्रखंड क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी अधिवक्ता दिवाकर प्रसाद सिन्हा का बुधवार की सुबह पटना में इलाज के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
दिवंगत अधिवक्ता के सम्मान में नवगछिया अधिवक्ता संघ परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं ने दिवाकर प्रसाद सिन्हा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक प्रकट करते हुए अधिवक्ताओं ने दिनभर न्यायिक कार्य से स्वयं को अलग रखा।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण कुमार आजाद ने कहा कि दिवाकर प्रसाद सिन्हा के निधन से अधिवक्ता संघ को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि दिवंगत अधिवक्ता अपने सौम्य व्यवहार, सरल स्वभाव और विधि संबंधी गहन ज्ञान के कारण अधिवक्ता समुदाय में विशेष पहचान रखते थे और हमेशा याद किए जाएंगे।

शोक सभा में अधिवक्ता सुरेंद्र नारायण मिश्रा, विभाष प्रसाद सिंह, महासचिव अजीत कुमार, नीरज झा, रजनीश कुमार सिंह, कुंदन चौधरी, अमरनाथ चौधरी, नंदलाल यादव, ललन कुमार मंडल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।














