5
(1)

नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिमरिया के बजरंबली मंदिर के पास मंगलवार की सुबह करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। कोचिंग पढ़ने जा रहे 11 वर्षीय किशोर को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर को ग्रामीणों ने तत्काल इलाज के लिए रंगरा पीएचसी ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र के सिमरिया वार्ड संख्या-11 निवासी रवीश मंडल के पुत्र कृष्णा कुमार (उम्र 11 वर्ष) के रूप में हुई है। कृष्णा सिमरिया प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 का छात्र था। बताया गया कि वह रोज की तरह सुबह घर से पैदल कोचिंग के लिए निकला था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी और कुचलते हुए चालक वाहन समेत फरार हो गया। हादसे में कृष्णा के सीने पर वाहन का पहिया चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और करीब पंद्रह मिनट बाद ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। इधर, अस्पताल में मृतक के परिजन रोते-बिलखते शव से लिपटकर दहाड़ें मारने लगे। परिवार के लोगों का कहना था कि कृष्णा पढ़ाई में काफी मेहनती था। वह दो भाइयों में छोटा और एक बहन का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता रवीश मंडल खेतीबारी और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

मृतक के चाचा मुकेश कुमार ने बताया कि कृष्णा परिवार की उम्मीद था। उसकी मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतक की मां लक्ष्मी देवी, बड़ा भाई शिवम कुमार और छोटी बहन शिवानी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस घटना को लेकर नवगछिया यातायात थानाध्यक्ष चंद्रदीप मंडल ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से एक छात्र की मौत हुई है। परिजन की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया जाएगा और वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: