



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में श्रावणी मेले की पहली सोमवारी को लेकर रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तरवाहिनी गंगा में लाखों डाक कांवरियों ने आस्था की डुबकी लगाकर गंगाजल भरा और ‘बोल बम’, ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हो गए।

बताते चलें कि डाक बम श्रद्धालु 105 किलोमीटर की दूरी 24 घंटे में पैदल तय करते हैं और देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जल अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पुलिस बल, महिला पुलिस और सैफ के जवानों की तैनाती की गई है, ताकि कांवरियों को कोई परेशानी न हो।

नगर परिषद द्वारा गंगा घाट से लेकर पूरे शहर में सफाई व्यवस्था की गई है। नावों की सहायता से कांवरियों को गंगा पार कराने की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, अंचल पदाधिकारी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम को भी गंगा घाट पर तैनात किया गया है।













