



भागलपुर। सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में जीतिया पर्व को लेकर शनिवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों से आई महिलाएं गंगा स्नान और पूजा-अर्चना में जुटी रहीं। परंपरा के अनुसार यह पर्व विशेषकर माताएं अपने पुत्र की लंबी आयु की कामना के लिए करती हैं।

सुबह तड़के गंगा स्नान के दौरान एक महिला गहराई में चली गई, जिसके बाद अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद एनडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को डूबने से बचाया और उसे एम्बुलेंस से रेफरल अस्पताल भेजा गया।
अजगैबीनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी ने बताया कि जीतिया पर्व का यह दिन ‘नहाय-खाय’ के रूप में मनाया जाता है। कल महिलाएं निर्जला व्रत रखेंगी और संतान की दीर्घायु की कामना करेंगी। महंत ने कहा कि इस अवसर पर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु यहां आते हैं।

भीड़ को देखते हुए गंगा घाट पर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की थी। प्रशासन की ओर से पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।













