



भट्टे से काम कर लौट रहे थे घर, आरोपी बाइक चालक हिरासत में
भागलपुर। भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोती चक नया टोला गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रभास मंडल (60 वर्ष), निवासी मोती चक नया टोला के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभास मंडल रोज की तरह भट्टे से काम कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत अकबरनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रभास मंडल को इलाज के लिए सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों ने वृद्ध को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अकबरनगर थाना पुलिस ने बताया कि बाइक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया है कि मृतक प्रभास मंडल के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।












