



भागलपुर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, नवगछिया इकाई के गजाधर भगत महाविद्यालय कार्यकर्ताओं द्वारा बुधवार को नूतन छात्र अभिनंदन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य अजय कुशवाहा एवं राष्ट्रीय कला मंच, दक्षिण बिहार प्रांत के संयोजक विश्वास वैभव ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

सीनेट सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता अजय कुशवाहा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नए सत्र में नामांकन लेने वाले सभी छात्रों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उनके सामने एक ऐसा छात्र संगठन है, जो केवल आज नहीं बल्कि पिछले 75 वर्षों से छात्रहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय है। राष्ट्रीय कला मंच के संयोजक विश्वास वैभव ने बताया कि छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और युवाओं का दायित्व है कि वे देश को सशक्त बनाने में योगदान दें। उन्होंने पांच परिवर्तन के विषयों—समरसता, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण, स्वदेशी और कुटुंब प्रबोधन—पर युवाओं को सक्रिय रूप से काम करने की प्रेरणा दी।
जिला संयोजक गौतम साहू ने कॉलेज परिसर में आए सभी नए छात्रों का अभिनंदन किया और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री ओम सिंह ने छात्रों को अनुशासन और सह-अस्तित्व की भावना के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विषय प्रवेश कॉलेज अध्यक्ष सौरभ कुमार ने किया और संचालन कॉलेज मंत्री अंश राज तथा उपाध्यक्ष शुभम कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन छात्रा निशा ने प्रस्तुत किया। इस दौरान दर्जनों सांस्कृतिक कार्यक्रम और नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिनमें प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अजय कुशवाहा, विश्वास वैभव, गौतम साहू, श्री ओम सिंह, राहुल शर्मा, विक्की मिश्रा, शुभम कुमार, शिवम् झा, सौरभ कुमार, अंश राज, शुभम कुमार, शशि, अमन, त्रिशा कुमारी, अंशु कुमारी, निशा कुमारी सहित अनेक छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।














