



स्वावलंबन से स्वाभिमान” विषय पर हुआ परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन
नवगछिया : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को नवगछिया स्थित कौशल सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में पार्षद चम्पा कुमारी की अध्यक्षता में “स्वावलंबन से स्वाभिमान” विषय पर परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नवगछिया बीडीओ पंकज कुमार दास उपस्थित थे।

इस अवसर पर संचालिका सह अधिवक्ता बबीता कुमारी, डॉ. मीना कुमारी, प्राचार्य कंचन कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश राणा तथा प्रशिक्षक तरुण कुमार ने महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षक ज्योतिष कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य अतिथि पंकज कुमार दास ने कहा कि एक माता द्वारा दिए गए संस्कार से ही बच्चों का भविष्य तय होता है और हर पुरुष की सफलता के पीछे नारी शक्ति—मां, बहन या जीवनसाथी के रूप में—महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्राचार्य कंचन कुमारी ने कहा कि नवगछिया की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और कौशल सिलाई प्रशिक्षण केंद्र द्वारा अब तक हजारों महिलाओं को प्रशिक्षण देना सराहनीय पहल है।

पार्षद चम्पा कुमारी ने कहा कि नवगछिया नारी सशक्तिकरण की मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि नवगछिया की बेटी बिहुला ने अपने सतीत्व के बल पर अपने मृत पति को जीवित कर इतिहास रचा और पूरे विश्व में पूजनीय बनीं।
डॉ. मीना कुमारी ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। अधिवक्ता बबीता कुमारी ने कहा कि सरकार द्वारा दिए गए 50 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं में जागरूकता और भागीदारी बढ़ी है। सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश राणा ने कहा कि महिलाएं स्वावलंबन अपनाकर समाज में अपना स्वाभिमान स्थापित कर रही हैं।
इस मौके पर रेणु चौधरी, रेखा देवी, स्मृति कुमारी, कुमारी निशा सिन्हा और लक्ष्मी देवी सहित कई महिलाओं ने भी अपने विचार रखे।
















