


नवगछिया : अनुमंडल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से शुक्रवार को राज्यस्तरीय कायाकल्प टीम द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। टीम का नेतृत्व डॉ. रूपाली ने किया, जबकि टीम में डीपीसी सन्नी कुमार एवं जिला गुणवत्ता सलाहकार डॉ. प्रशांत कुमार भी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी कक्ष, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), लेबर रूम, इमरजेंसी वार्ड तथा दवा वितरण केंद्र (दवाई खाना) का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता की भी जानकारी ली गई।
कायाकल्प टीम ने अस्पताल में स्वच्छता मानकों, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, पेयजल सुविधा, शौचालयों की स्थिति तथा मरीजों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। ओपीडी में मरीजों की पंजीकरण व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया गया।
इसके अलावा लेबर रूम एवं ऑपरेशन थिएटर में उपकरणों की स्थिति, स्टरलाइजेशन प्रक्रिया और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता की विशेष रूप से जांच की गई। इमरजेंसी कक्ष में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से आवश्यक जानकारी ली गई तथा संबंधित रजिस्टरों की भी जांच कर व्यवस्थाओं का आकलन किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाना तथा मरीजों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करना बताया गया।












