



नवगछिया । 14 जुलाई 2024 को वादिनी ने आवेदन देकर बताया कि उनके 26 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार, पिता पोखरी मंडल, को रिश्तेदार छोटु कापसी अपने साथ बुलाकर ले गया, जिसके बाद वह आज तक घर वापस नहीं आया। इस पर परबत्ता थाना में कांड संख्या-119/24, धारा-140 (3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

कांड अनुसंधान के दौरान पता चला कि वादिनी के पुत्र अभिनंदन कुमार को छोटु कापसी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कहीं ले जाकर हत्या कर दी। मामले की जांच के लिए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित की गई। जांच के दौरान कांड में संलिप्त छोटु कापसी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, जबकि अन्य वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ जारी थी।
इसी क्रम में मंगलवार को कुख्यात अपराधी जनार्दन मंडल, जो इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के पच्चासी गांव का निवासी है और पिता विशन मंडल है, को जगतपुर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधी ने बताया कि अपहृत व्यक्ति और उसके सतौले भाई के बीच जमीन बटवारे को लेकर विवाद था, जिसे लेकर उसने सहअभियुक्त के साथ मिलकर अपहरण और हत्या की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार जनार्दन मंडल को इस कांड में पहले भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह पुलिस हिरासत से भाग निकले थे। उनके विरुद्ध कांड संख्या-56/25 दर्ज है, जिसमें उन्हें विधिवत रिमांड किया जाएगा। जनार्दन मंडल का अपराधिक इतिहास रहा है और उस पर इस्माइलपुर थाना में दो संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।













