0
(0)

नवगछिया। नवगछिया के राजेंद्र कॉलोनी मैदान, खरनई धार के समीप सोमवार संध्या एक बाज पक्षी अर्धबेहोशी की स्थिति में पाया गया। स्थानीय महिला आशा भगत ने इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पक्षी धीरे-धीरे नदी की ओर चला गया। स्थानीय लोगों ने भी उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पानी में जाने के कारण प्रयास विफल रहे।

इस स्थिति में वन विभाग ने भी कार्रवाई बंद कर दी। इसके बाद सूचना नवगछिया के सुप्रसिद्ध सोशल मीडिया एक्टिविस्ट व कलाकार बाबा विस्फोटक निषाद को दी गई। जानकारी मिलने के साथ ही बाबा विस्फोटक मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक पानी में कूद गए। उन्होंने बाज पक्षी को सुरक्षित पकड़कर वन विभाग की टीम को सौंप दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बताया गया है कि नवगछिया क्षेत्र में बर्ड फ्लू के संक्रमण को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। विगत 11 जनवरी को अनुमंडलीय परिसर के मैदान में लगभग डेढ़ सौ कौवे मृत पाए गए थे, जिनकी जांच के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पूरे इलाके में लगातार सेनीटाइजेशन का काम किया जा रहा है ।

वन विभाग की अधिकारी सोनी कुमारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर टीम तुरंत पहुंची और बाज पक्षी को सुरक्षित रेस्क्यू कर भागलपुर भेजा गया। पक्षी की जांच अब चल रही है और रिपोर्ट आने के बाद उसकी स्वास्थ्य स्थिति का पता चलेगा। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बर्ड फ्लू की पुष्टि केवल चिकित्सकों द्वारा की गई जांच पर आधारित होगी और इस दिशा में सावधानी बरती जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाज पक्षी अर्धबेहोश और मूर्छित अवस्था में था तथा उड़ने में असमर्थ था। स्थानीय लोगों और वन विभाग की सतर्कता की वजह से इसे सुरक्षित रखा गया है और अब आगे की जांच के लिए पशु चिकित्सा विशेषज्ञों को सौंप दिया गया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: