


नवगछिया।
स्टेशन रोड स्थित एसबीआई एटीएम में कार्ड बदलकर ठगी का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में भागलपुर जिले के सिहकुंड थाना क्षेत्र निवासी रघुनंदन कुमार ने आदर्श थाना नवगछिया में आवेदन देकर अज्ञात ठग के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शांति कॉम्प्लेक्स, नवगछिया शाखा में है। 2 जनवरी को वह स्टेशन रोड स्थित अर्णव कंप्यूटर के सामने लगे एसबीआई एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्हें कुल 45 हजार रुपये की निकासी करनी थी। इस दौरान उन्होंने दो बार में 10-10 हजार रुपये निकाले।
इसी बीच पीछे खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने एक बार में ही रुपये निकालने की बात कहते हुए उनसे एटीएम कार्ड ले लिया। ठग ने मशीन में कार्ड दो-तीन बार डाला और इसके बाद यह कहकर कार्ड लौटा दिया कि एटीएम ब्लॉक हो रहा है। इसके बाद वह व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद पीड़ित को संदेह हुआ, तो उन्होंने अपने खाते का बैलेंस जांचा। जांच में सामने आया कि उनके खाते से 25 हजार रुपये की निकासी हो चुकी है। बाद में यह भी पता चला कि पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल दिया गया था और उनके पास मौजूद कार्ड किसी अन्य व्यक्ति के नाम का है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि ठग ने सुनियोजित तरीके से एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से रुपये निकाल लिए। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कर राशि की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपित की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












