0
(0)

कराड़िया गांव में हुआ हादसा, मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

भागलपुर। जिले के सजौर थाना क्षेत्र के कराड़िया गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। तेज रफ्तार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे खंभा टूटकर पास में मौजूद किशोर पर गिर पड़ा।

खंभे के नीचे दबने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान प्रिंस कुमार झा के पुत्र विक्रम कुमार (16) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्रम ने इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी और पढ़ाई में काफी मेधावी छात्र था। हादसे के समय वह सुबह करीब आठ बजे घर के पास खेल रहा था।

मृतक के पिता प्रिंस कुमार झा ने बताया कि तेज रफ्तार से आ रहा अवैध बालू लदा ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर उनके बेटे के ऊपर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल विक्रम को तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से अन्य कोई इसकी चपेट में नहीं आया।

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर तेज रफ्तार में चलते रहते हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे अवैध वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: