



नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के पचगछिया गांव में दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान अवैध हथियार सामने आने से कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में चल रहे विवाद के दौरान एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर मौके पर पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। अचानक हथियार देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उक्त व्यक्ति से हथियार छीन लिया। इसी बीच आरोपित मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा छीना गया हथियार अपने कब्जे में लेकर बरामद कर लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई तथा फरार आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।















