



410.4 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो अभियुक्त गिरफ्तार
नवगछिया : अवैध शराब के विरुद्ध नवगछिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन-2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कदवा थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। इस अभियान में नवगछिया पुलिस एवं केन्द्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च, सघन वाहन जांच, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बरामदगी, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा वारंट और कुर्की आदेशों की तामील की जा रही है।

इसी क्रम में 15 अक्टूबर 2025 को कदवा थाना अंतर्गत एक चिन्हित एसएसटी चेकिंग पॉइंट पर वाहन जांच के दौरान एक ट्रैक्टर के डाला में गिट्टी के नीचे छुपाकर रखी गई कुल 410.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जप्त कर वाहन चालक राकेश यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बाद में राकेश यादव की निशानदेही पर पुलिस ने इस अवैध धंधे में संलिप्त एक और व्यक्ति मो० निराला खान को एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध कदवा थाना में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राकेश यादव, पिता – स्व. शिवन यादव, निवासी – मदारपुर, थाना – महेशखूँट, जिला – खगड़िया तथा मो० निराला खान, पिता – मो० अकबर खान, निवासी – सलीम नगर, थाना – महेशखूँट, जिला – खगड़िया के रूप में हुई है। बरामदगी में 410.4 लीटर विदेशी शराब के साथ-साथ एक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR34Q0922) एवं एक ट्रैक्टर (रजिस्ट्रेशन संख्या BR51A4502) शामिल है।
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नवगछिया पुलिस निर्वाचन अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है और इस दिशा में लगातार सघन अभियान जारी रहेगा।
















