0
(0)

भागलपुर। भागलपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित सरयू देवी मोहनलाल बालिका उच्च विद्यालय की दसवीं कक्षा की दो नाबालिग छात्राएं बीते सात दिनों से लापता हैं। परिजनों के अनुसार दोनों छात्राएं घर से एडमिट कार्ड लाने के लिए स्कूल गई थीं, लेकिन इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

लापता छात्राओं के परिजनों ने इस संबंध में बबरगंज थाना में लिखित आवेदन दिया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और छात्राओं के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है।

इसी बीच मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब इसी स्कूल की एक अन्य छात्रा ने अपने साथ सितंबर 2025 में हुए अपहरण की आपबीती सुनाई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका अपहरण उसकी ही सहेली ने साजिश के तहत किया था। उसे बहला-फुसलाकर भागलपुर जंक्शन ले जाया गया, जहां उसका सौदा किया गया। इसके बाद मानव तस्करी से जुड़े लोग उसे उत्तर प्रदेश ले गए, जहां उसकी किडनी बेचने की साजिश रची गई। किसी तरह वह छात्रा वहां से वापस लौट पाई।

अब जब उसे अपनी ही स्कूल की दो छात्राओं के लापता होने की जानकारी मिली, तो उसने आशंका जताई कि जिस तरह उसका अपहरण हुआ था, उसी तरह उसकी सहेलियों के साथ भी घटना हुई हो सकती है।

वापस लौटी छात्रा ने बताया कि इस घटना के बाद से स्कूल में पढ़ने वाली लड़कियों में भारी दहशत का माहौल है। डर के कारण वह स्वयं स्कूल नहीं जा पा रही है और उसकी पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई है। उसने कहा कि वह पढ़ना चाहती है, लेकिन भय के चलते प्राइवेट ट्यूशन तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।

पूरे मामले पर भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दोनों लापता छात्राओं को बरामद कर लिया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम लगातार काम कर रही है।

फिलहाल इस घटना ने भागलपुर में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल जाने वाली बच्चियों और उनके परिजन दहशत में हैं और सभी को पुलिस कार्रवाई तथा छात्राओं की सुरक्षित वापसी का इंतजार है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: