



नवगछिया पुलिस जिले में बच्चा चोरी से संबंधित फैल रही भ्रामक अफवाहों को लेकर नवगछिया पुलिस ने आम लोगों के लिए जनहित सूचना जारी करते हुए सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना पुष्टि किसी भी सूचना पर विश्वास करना तथा उसे फैलाना कानूनन अपराध है।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि बच्चा चोरी की झूठी खबरों के कारण कई बार निर्दोष लोगों पर संदेह किया जाता है, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। किसी भी व्यक्ति के साथ अफवाह के आधार पर दुर्व्यवहार करना कानून के विरुद्ध है। आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और पुलिस प्रशासन पर भरोसा करने की अपील की गई है।
पुलिस ने लोगों से कहा है कि यदि कहीं बच्चा चोरी की आशंका प्रतीत होती है तो स्वयं कोई निर्णय न लें, बल्कि तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी से जुड़ी झूठी खबरें या भ्रामक पोस्ट साझा करना भी दंडनीय अपराध बताया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी पोस्ट को न साझा करें और न ही आगे बढ़ाएं।
नवगछिया पुलिस ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अफवाहों के बजाय समझदारी और जागरूकता से काम लें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














