0
(0)

भागलपुर। जगदीशपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय, बैजानी के प्रांगण में शनिवार को शिक्षक–अभिभावक गोष्ठी का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक विवेकानंद झा ने की, जबकि विद्यालय शिक्षा समिति के सचिव गुंजन ठाकुर ने कार्यक्रम का संचालन किया।

गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य छात्रों के शैक्षणिक, नैतिक एवं सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच संवाद स्थापित करना था। इस अवसर पर शिक्षक विनोद झा, राकेश झा, निरंजन कुमार, मोहम्मद तजम्मुद हुसैन, मुमताज कानो, रागिनी कुमारी शर्मा, नंदिनी, सोनम प्रिया, अराधना कुमारी एवं फरजाना का सराहनीय योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गोष्ठी के दौरान अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन व्यवस्था एवं शिक्षकों की कार्यशैली की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने विद्यालय को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत आधार बताया।

वहीं शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय पर गृहकार्य कराने, अनुशासन बनाए रखने तथा घर में अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों को उनकी शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कार वितरण रहा। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अपने बच्चों की उपलब्धि देखकर अभिभावकों में गर्व की भावना स्पष्ट रूप से झलकती नजर आई।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने विद्यालय में सकारात्मक एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा आपसी सहयोग से बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका परिणीता झा, रश्मि रानी एवं रंभा कुमारी भी उपस्थित रहीं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: