



भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर प्रखंड की बैजानी पंचायत का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब के किनारे बनाए जा रहे सीढ़ी निर्माण कार्य, उच्च विद्यालय परिसर सहित पंचायत क्षेत्र में संचालित अन्य योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने पर बल दिया।

निरीक्षण के उपरांत नव निर्मित पंचायत सरकार भवन में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीतिक चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत बैजानी में संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इन दिनों पंचायत क्षेत्र में अधिकारियों की लगातार आवाजाही देखी जा रही है और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में प्रयास तेज किए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासनिक सक्रियता और उच्चस्तरीय निरीक्षण से क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का विकास और मजबूत होगा।














