5
(1)

भागलपुर। जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत में सरकारी योजना के तहत प्रस्तावित विवाह मंडप के निर्माण को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत द्वारा चिन्हित भूमि की तकनीकी एवं व्यावहारिक उपयुक्तता का आकलन करना था, ताकि निर्माण कार्य में भविष्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ अमित कुमार ने विवाह मंडप निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का गहन अवलोकन किया। उन्होंने भूमि की उपलब्धता, समतलता, पहुंच मार्ग, जल निकासी व्यवस्था तथा आसपास मौजूद बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। बीडीओ ने कहा कि निर्माण कार्य से पूर्व इन सभी पहलुओं का मूल्यांकन अत्यंत आवश्यक है, जिससे सरकारी राशि का सही उपयोग हो सके और जनता को स्थायी लाभ मिल सके।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया नवल किशोर सिंह, सरपंच सूरज कुमार मंडल, पंचायत सचिव राजीव झा, उपसरपंच सुभाष चंद्र झा, बीस सूत्री सदस्य शुभम पांडे, न्याय मित्र प्रकाश चंद्र झा, निवर्तमान जिला पंचायती राज जिला संयोजक नरेंद्र कुमार झा, पंचायत समिति सदस्य अनिल रविदास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

मुखिया नवल किशोर सिंह ने बीडीओ को पंचायत की ओर से चिन्हित भूमि की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह स्थान पंचायत के अधिकांश ग्रामीणों के लिए आसानी से सुलभ है। वहीं ग्रामीणों ने भी विवाह मंडप निर्माण को लेकर अपनी-अपनी राय और सुझाव साझा किए।

बी डी ओ अमित कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि स्थल की उपयुक्तता से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र ही उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना सामाजिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ग्रामीणों ने बताया कि यदि पंचायत में विवाह मंडप का निर्माण हो जाता है, तो गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को विवाह तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी सुविधा होगी। इससे निजी स्थलों पर होने वाले अधिक खर्च से राहत मिलेगी और सामाजिक आयोजनों का आर्थिक बोझ भी कम होगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: