


रिपोर्ट — श्यामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर जिले में समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बैजानी गांव पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खासकर जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं की भारी उपस्थिति ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
सभा स्थल पर पहुंची जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि वे नीतीश कुमार को दिल्ली नहीं जाने देंगी और वे ही बिहार के मुख्यमंत्री बने रहें—यही उनकी इच्छा है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।
जीविका दीदियों का कहना था कि मुख्यमंत्री ने उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर दिया है, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। इसी कारण वे नीतीश कुमार को अपना “नीतीश भैया” मानती हैं और उनके प्रति गहरा विश्वास जताती हैं। महिलाओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे उन्हें मिला है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए थे। सभा स्थल पर पुलिस बल की तैनाती और सघन जांच की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ले रहे हैं और आम जनता से सीधा संवाद भी कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।















